भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कॉरपोरेट स्तरीय कल्याण बोर्ड के सदस्यों ने दिनांक 20 नवंबर को केंद्रीय चिकित्सालय (सीएचडी) का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सदस्यों ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रमिकों एवं उनके परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
निरीक्षण दल में श्री निताई महतो (BCKU); श्री अशोक कुमार साव (BCMU); श्री एस.एस. डे (KIMP); श्री संजीत सिंह (JMS); श्री भवानी बंद्योपाध्याय (UCWU) तथा श्री के.के. सिंह (ABKMS/DCKS) शामिल रहे। मुख्यालय की ओर से श्रीमती किरण रानी नायक, विभागाध्यक्ष (कल्याण) एवं कल्याण विभाग की टीम उपस्थित रही।
निरीक्षण के दौरान सदस्यों ने केंद्रीय चिकित्सालय की स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी सुविधाओं को और अधिक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें क्रेच सुविधा, मरीजों के परिजनों एवं अटेंडेंट्स के लिए सुविधाजनक प्रतीक्षालय, शौचालय एवं पेयजल सुविधाओं के विस्तार तथा सभी वार्डों के चरणबद्ध नवीनीकरण जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके साथ ही मरीजों के लिए बेहतर सुविधाएं एवं मनोरंजन की व्यवस्था विकसित करने पर भी बल दिया गया।
अस्पताल की सेवाओं को अधिक सुगम एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए ओपीडी में आधुनिक डिस्प्ले सिस्टम, नई कुर्सियों की उपलब्धता, ओपीडी क्षेत्र में मुख्य द्वार खोलने तथा रैंप का निर्माण कराने सहित अन्य सुझाव भी दिए गए। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन से केंद्रीय चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं मरीजों की देखभाल की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर सेंट्रल हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, चिकित्सक तथा नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।












































