PM श्री स्कूल में बच्चों को परोसा जा रहा पानी जैसी दाल और कंकरयुक्त चावल? मिड-डे मील पर उठे सवाल

---Advertisement---
  • मीनू के अनुसार नहीं बन रहा मध्यान्ह भोजन, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल; बच्चों ने अधिकारियों से जांच की मांग की

जमुना कोतमा। अनूपपुर जिले के कोयलांचल क्षेत्र भालूमाडा में संचालित पीएम श्री हाई स्कूल में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्कूल में पढ़ाई सहित अन्य व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होने के बावजूद बच्चों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन की स्थिति संतोषजनक नहीं होने की शिकायत सामने आई है। बच्चों का आरोप है कि जिस सहायता समूह द्वारा भोजन तैयार कर उन्हें खिलाया जा रहा है, उसके द्वारा निर्धारित मीनू और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

बच्चों के अनुसार, भोजन की मात्रा इतनी कम होती है कि कई विद्यार्थियों का पेट तक नहीं भर पाता। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि दाल इतनी पतली होती है कि वह दाल के बजाय पानी जैसी नजर आती है, जबकि चावल में कई बार कंकर मिलने की शिकायत है। इससे बच्चों को भोजन करने में परेशानी होती है और उन्हें पर्याप्त एवं पौष्टिक भोजन नहीं मिल पा रहा है।

  • मीनू के अनुसार नहीं मिलता भोजन

विद्यालय में बच्चों के लिए शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाना है, लेकिन विद्यार्थियों का कहना है कि कई दिनों तक निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन तैयार नहीं किया जाता। कभी सब्जी की गुणवत्ता खराब रहती है तो कभी दाल और चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। बच्चों का आरोप है कि भोजन तैयार करने में आवश्यक सामग्री और मात्रा का समुचित ध्यान नहीं रखा जा रहा है

मध्यान्ह भोजन का उद्देश्य स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले बच्चों को विद्यालय में भोजन के साथ बेहतर पोषण भी मिल सके। लेकिन यदि भोजन की गुणवत्ता ही खराब हो और मात्रा भी पर्याप्त न हो तो योजना के मूल उद्देश्य पर ही सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

  • बच्चों ने अधिकारियों से जांच की मांग की

मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर बच्चों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। विद्यार्थियों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी अचानक विद्यालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, भोजन की मात्रा, तैयार किए गए भोजन का मीनू और खाद्यान्न के उपयोग की जांच करें तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

बच्चों और अभिभावकों की मांग है कि विद्यालय में मिलने वाले मध्यान्ह भोजन की नियमित जांच की जाए तथा भोजन तैयार करने वाले सहायता समूह की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाए। यदि जांच में अनियमितता या गुणवत्ता में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए

  • निरीक्षण हुआ तो सामने आ सकती है हकीकत

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों को मिलने वाला भोजन किसी भी स्थिति में औपचारिकता मात्र नहीं होना चाहिए। शासन द्वारा इसके लिए राशि और खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है, इसलिए बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना आवश्यक है। ऐसे में संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा विद्यालय का औचक निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की जांच किए जाने की आवश्यकता है

अब देखना होगा कि बच्चों द्वारा की गई शिकायत के बाद शिक्षा विभाग अथवा संबंधित जिम्मेदार अधिकारी पीएम श्री हाई स्कूल भालूमाडा में पहुंचकर मध्यान्ह भोजन की वास्तविक स्थिति की जांच करते हैं या फिर शिकायत कागजों तक ही सीमित रह जाती है। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो बच्चों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार सहायता समूह पर कार्रवाई करना जरूरी होगा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment