राज्य सरकार प्रभावित परिजन के साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव कोतमा अनूपपुर हादसे के दिवंगतों के परिजनों को दी जाएगी 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

---Advertisement---

 

राज्य सरकार प्रभावित परिजन के साथ है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कोतमा अनूपपुर हादसे के दिवंगतों के परिजनों को दी जाएगी 9-9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

सघन रेस्क्यू ऑपरेशन पूर्ण, हादसे की होगी निष्पक्ष जांच

अनूपपुर 5 अप्रैल 2026/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल कोतमा, अनूपपुर में हुए दुखद हादसे में काल-कवलित नागरिकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख, संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख और रेडक्रॉस से 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपये राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगतों की आत्मा को शांति और परिजन को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिजन के साथ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र में एक लॉज भवन ध्वस्त होने की दुखद घटना के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया था कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी न रहे तथा प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। उल्लेखनीय है कि इस दुखद घटना में 3 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए थे। घायलों में से गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में जारी है। शनिवार शाम से प्रारंभ हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन आज रविवार दोपहर तक जारी रहा। रेस्क्यू कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन तथा एसईसीएल की टीमों ने आधुनिक मशीनों एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से मलबे के एक-एक हिस्से की गहन तलाशी ली। रेस्क्यू टीम ने मलबे से 3 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जबकि 3 अन्य व्यक्तियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान हनुमान दीन यादव, रामकृपाल यादव और एक अन्य स्थानीय निवासी के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार तथा कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल पूरी रात घटनास्थल पर उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व करते रहे। प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि इस गंभीर हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसईसीएल की टीमों, पुलिस बल एवं सहयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस वक्त की सबसे बड़ी खबर

कोतमा बस स्टैंड के पास 4 मंजिला लॉज जमींदोज, 3 की मौत, 3 घायल; 24 घंटे से ज्यादा समय से जारी रेस्क्यू, मलबे में अभी भी 3 लोगों के दबे होने की आशंका

अनूपपुर जिले के कोतमा नगर में बस स्टैंड के पास शनिवार शाम 5 बजकर 36 मिनट पर एक चार मंजिला लॉज अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के दूसरे दिन भी 24 घंटे से अधिक समय से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ, पुलिस, एसईसीएल और निजी कंपनियों सहित करीब 250 से अधिक जवान जुटे हुए हैं। अब तक मलबे से 6 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में हनुमानदीन यादव, रामकृपाल यादव और राधाबाई कोल शामिल हैं।

वहीं तीन घायलों में रामशरण की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज शहडोल में चल रहा है। जबकि रामकिशोर प्रजापति और तुलसी भैंना का उपचार जारी है। प्रशासन के अनुसार अभी भी मलबे में करीब तीन लोगों के दबे होने की आशंका है और उन्हें निकालने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं।

घटना के बाद से ही ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, कमिश्नर उषा गुप्ता, कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान लगातार मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं और रेस्क्यू टीम को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लॉज के बगल में राजीव गर्ग द्वारा अंडरग्राउंड निर्माण के लिए लगभग 12 फीट गहरी खुदाई की गई थी, जिससे इमारत की नींव कमजोर हो गई और यह हादसा हो गया। साथ ही अग्रवाल लॉज की नवनिर्मित मंजिल का निर्माण भी बिना अनुमति के किया गया था।

इस मामले में पुलिस ने निर्माणकर्ता राजीव गर्ग पिता रामनरेश गर्ग तथा लॉज संचालक लल्लूलाल अग्रवाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित बीएनएस की धारा 106 और 290 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मिनट टू मिनट घटनाक्रम

शाम 5:36 बजे: चार मंजिला लॉज अचानक धराशायी

शाम 7:00 बजे: विधायक एवं मंत्री दिलीप जायसवाल घटनास्थल पहुंचे

7:22 बजे: कलेक्टर हर्षल पंचोली व एसपी मोती उर रहमान मौके पर पहुंचे

7:30 बजे: कॉलरी व निजी कंपनी की रेस्क्यू टीम ने कार्य शुरू किया

8:00 बजे: पहला शव हनुमानदीन यादव का निकाला गया

8:20 बजे: कमिश्नर उषा गुप्ता और आईजी चैत्त्रा एन भी पहुंचीं

11:25 बजे: रामकृपाल यादव का शव बरामद

रात 3:40 बजे: प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार घटनास्थल पहुंचे

4:36 बजे: भिलाई से 35 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम पहुंची और रेस्क्यू तेज हुआ

फिलहाल जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि जब तक मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर नहीं निकाल लिया जाता, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा।

इस वक्त की सबसे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़

कोतमा बस स्टैंड लॉज हादसा: महिला का शव मिला, तीन की मौत; तीन घायल, मलबे में अब भी 3 लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी

अनूपपुर। जिले के कोतमा नगर में बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला लॉज के अचानक ढह जाने से हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। ताजा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से एक महिला का शव भी बरामद किया गया है। वहीं तीन लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला लॉज अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय लॉज में कई लोग मौजूद थे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अब तक मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें हनुमानदीन यादव (55) निवासी लोढ़ी और रामकृपाल यादव (40) निवासी फुनगा की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि ताजा रेस्क्यू में एक महिला का शव बरामद हुआ है।

फिलहाल मलबे में अब भी लगभग तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।

घटनास्थल पर ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, कमिश्नर उषा गुप्ता, कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

एसईसीएल और जेएमएस कंपनी की रेस्क्यू टीम जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई है। प्रशासन के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

इस वक्त की सबसे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़

कोतमा बस स्टैंड के पास 4 मंजिला लॉज ढही: हनुमानदीन यादव और रामकृपाल यादव की मौत, 3–4 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

अनूपपुर। जिले के कोतमा नगर में बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला लॉज के अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक हनुमानदीन यादव (55) निवासी लोढ़ी और रामकृपाल यादव (40) निवासी फुनगा की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं अभी भी 3 से 4 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ, जब बस स्टैंड के पास स्थित लॉज अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय लॉज में कई लोग मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अब तक पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया।

घटनास्थल पर ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, कमिश्नर उषा गुप्ता, कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

एसईसीएल और जेएमएस कंपनी की रेस्क्यू टीम जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटी हुई है। प्रशासन के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं

 

इस वक्त की सबसे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़

कोतमा बस स्टैंड के पास 4 मंजिला लॉज ढही, 1 की मौत; कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

अनूपपुर जिले के कोतमा नगर में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बस स्टैंड के पास स्थित एक चार मंजिला लॉज अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति ईश्वर दीन यादव वार्ड क्रमांक 4 बनिया टोला निवासी की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है

हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ, जब लॉज में कई लोग ठहरे हुए थे और आसपास निर्माण कार्य भी चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। अब तक छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है

घटनास्थल पर ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। एसईसीएल और जेएमएस कंपनी की रेस्क्यू टीम जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई है। फिलहाल मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

इस वक्त की सबसे बड़ी खबर

कोतमा बस स्टैंड के पास चार मंजिला अग्रवाल लॉज भरभराकर गिरा, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

कोतमा। नगर के व्यस्ततम क्षेत्र बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला अग्रवाल लॉज शनिवार को अचानक भरभराकर गिर गया। इमारत गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय भवन में कुछ लोगों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मलबे में लोगों के दबे होने की संभावना बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बस स्टैंड के आसपास का क्षेत्र खाली करा दिया गया है ताकि राहत कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

बस स्टैंड क्षेत्र शहर का सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इमारत गिरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment