ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। छोटे से शहर से निकला एक सपना अब यूरोप की धरती पर परवान चढ़ने जा रहा है। धार के विनय मुकाती अब हंगरी में अंतरराष्ट्रीय खेल विज्ञान के गुर सीखेंगे। यह सिर्फ एक कोच की यात्रा नहीं है, यह धार और मध्यप्रदेश के खेल इतिहास का सुनहरा पन्ना है।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दक्षिणी केंद्र, बेंगलुरु में बैडमिंटन विभाग के प्रभारी एवं कोच विनय मुकाती का चयन हंगरी की विश्व प्रसिद्ध हंगेरियन यूनिवर्सिटी ऑफ स्पोर्ट्स साइंस, बुडापेस्ट में तीन सप्ताह के विशेष प्रशिक्षण के लिए हुआ है। गर्व की बात यह है कि पूरे मध्यप्रदेश से इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले वे एकमात्र साई बैडमिंटन कोच हैं।
विनय मुकाती बेंगलुरु के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भारतीय दल के साथ हंगरी के लिए रवाना हो चुके हैं। वहां वे दुनिया के बेहतरीन विशेषज्ञों से खेल विज्ञान की आधुनिक तकनीकें सीखेंगे। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती, फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को वैज्ञानिक तरीके से बढ़ाने के गुर, सब कुछ इस प्रशिक्षण में शामिल है।
मंत्रालय द्वारा चयनित इस कार्यक्रम का मकसद भारतीय कोचों को विश्व स्तर का बनाना है, ताकि हमारे खिलाड़ी भी दुनिया के किसी भी कोर्ट पर बेधड़क उतर सकें।
विनय की यह सफलता रातों-रात नहीं मिली। वर्षों की मेहनत, अनुशासन, पसीना और बैडमिंटन के प्रति जुनून आज उन्हें इस मुकाम पर ले आया है।
धार में इस खबर से खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों का कहना है कि विनय हंगरी से जो ज्ञान लाएंगे, वह आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों का भविष्य बदल देगा।
यह जानकारी उनकी माताजी वरिष्ठ कवयित्री-पत्रकार अनीता मुकाती ने दी।










































