हाईकोर्ट से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत: सरकार की अपील खारिज, एरियर भुगतान का आदेश बरकरार
48 माह का एरियर मिलेगा, एटक ने बताया हजारों आंगनबाड़ी बहनों के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत
अनूपपुर/जबलपुर। मध्यप्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए लंबे संघर्ष के बाद बड़ी कानूनी जीत सामने आई है। जबलपुर हाईकोर्ट की डबल बेंच ने राज्य सरकार की अपील खारिज करते हुए एकल पीठ के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें मानदेय कटौती के 48 माह का एरियर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को देने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि डबल बेंच ने 6 प्रतिशत ब्याज के भुगतान वाले हिस्से को हटाते हुए केवल एरियर भुगतान का आदेश यथावत रखा है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में केंद्र सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया था। राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले मानदेय के साथ कुल राशि 11,500 रुपये हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार ने अपने हिस्से से 1,500 रुपये प्रति माह की कटौती कर दी। इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में भी 750 रुपये प्रतिमाह कम कर दिए गए।
इस निर्णय के खिलाफ वर्ष 2019 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) की प्रदेश महामंत्री एवं स्वयं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभा पांडेय ने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की। प्रकरण की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव ने की। 3 फरवरी 2026 को हाईकोर्ट की एकल पीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लगभग 1.20 लाख रुपये तथा सहायिकाओं को लगभग 63 हजार रुपये का 48 माह का एरियर 6 प्रतिशत ब्याज सहित दिया जाए।
राज्य सरकार ने इस फैसले को डबल बेंच में चुनौती दी, लेकिन 8 जुलाई 2026 को डबल बेंच ने सरकार की अपील निरस्त कर दी। अदालत ने ब्याज संबंधी आदेश में संशोधन करते हुए केवल एरियर भुगतान को बरकरार रखा।
फैसले के बाद एटक की प्रदेश महामंत्री विभा पांडेय ने इसे हजारों आंगनबाड़ी बहनों के संघर्ष और एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला संगठन की सामूहिक ताकत और न्यायपालिका पर विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एटक भविष्य में ग्रेच्युटी, 26 हजार रुपये मासिक मानदेय और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिलाने की लड़ाई भी पूरी मजबूती से जारी रखेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सहयोग, समर्थन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।



































