- पुलिस एवं प्रशासन का त्योहार के दौरान सभी नागरिक करें सहयोग- पुलिस अधीक्षक
- नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था हेतु की गई चर्चाएं
- कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ शांति समिति की बैठक
अनूपपुर 8 अक्टूबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों से आवश्यक सुझाव प्राप्त किए गए तथा सभी पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर श्री झा ने जिलेवासियों से पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। बैठक में नवरात्रि पर्व के दौरान दुर्गा प्रतिमाओं के पंडाल सड़क पर न बनाकर यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पंडालों में विद्युत व्यवस्था हेतु विद्युत विभाग से वैध विद्युत कनेक्शन लेना अनिवार्य किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विसर्जन मार्ग एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने विसर्जन स्थलों पर आवश्यक प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर की व्यवस्था करने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नामवार ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निरीक्षण एवं आवश्यक पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी दुर्गा समितियों को समिति के सदस्यों की जानकारी संबंधित क्षेत्र के थानों में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा दुर्गा प्रतिमा एवं पंडालों में निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पर्वों के दृष्टिगत नगरीय क्षेत्रों में सड़कों की साफ-सफाई, आवश्यकतानुसार गड्ढों की मरम्मत एवं भराव तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि नवरात्रि पर्व के दौरान पंचमी तिथि से ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगरों में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिसके दृष्टिगत प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने तथा आवश्यक स्थानों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजुरी नगर में हनुमान मंदिर से एलआईसी कार्यालय तक पार्किंग की समस्या के संबंध में भी चर्चा की गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दशहरा पर्व के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रावण दहन कार्यक्रम शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं मापदंडों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में दीपावली पर्व के दौरान नगरीय क्षेत्रों में स्थापित की जाने वाली पटाखा दुकानों के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को संयुक्त रूप से उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर स्थल निरीक्षण करने तथा शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप पटाखा दुकानों के लिए उपयुक्त स्थान आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों के संचालन के दौरान आमजन की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अग्नि सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन हो
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने जिले के सभी नागरिकों से आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं अधिकारी पर्वों के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि जिले में त्यौहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकें। बैठक में अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




































































