कोतमा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व कोतमा नगर में मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित गुरुद्वारा में व्यापक तैयारियां की गई हैं। गुरुद्वारे को आकर्षक रूप से सजाया गया है।
सिंधी पंचायत समिति के अमृत गोधवानी एवं मनोज राजानी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके पश्चात गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ, विशेष कीर्तन एवं अरदास का आयोजन होगा। दोपहर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर (भंडारा) प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर पिछले 40 दिनों से निरंतर चल रहे अखंड साहिब पाठ का विधिवत समापन भी होगा। सोमवार की शाम गुरुद्वारे में शबद पाठ का आयोजन किया गया। सिंधी पंचायत समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से लंगर में शामिल होकर गुरु का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
जमुना कॉलरी गुरुद्वारे में भी होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
इसी क्रम में गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा जमुना कॉलरी में भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। सुखविंदर सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के लिए गुरुद्वारे को विशेष रूप से सजाया गया है। सुबह से प्रभात फेरी निकाली जा रही है। वहीं दिल्ली से पहुंचे रागी जत्थे द्वारा 25 नवंबर से विशेष कीर्तन एवं पाठ किया जाएगा, जिसका समापन 27 नवंबर को होगा। इसके पश्चात गुरु का लंगर (भंडारा) आयोजित किया जाएगा।समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद एवं धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।












































