- सड़क पर अतिक्रमण करने वाले वाहनों और दुकानदारों पर कार्रवाई, तीन पहिया वाहन चालकों को दी समझाइश
कोतमा। देव दीपावली एवं गुरु नानक पर्व सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोतमा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। त्योहारों के मद्देनजर थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों का भ्रमण कर यातायात और कानून व्यवस्था का जायजा लिया।थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ नगर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित करने वाले वाहनों एवं सड़क तक दुकानें फैलाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं, तीन पहिया वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी गई।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि गुरु नानक पर्व एवं देव दीपावली के मद्देनजर बाजार क्षेत्र सहित नगर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार भ्रमण किया जा रहा है। त्योहारों के दौरान निकलने वाली प्रभात फेरियों एवं शोभायात्राओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।इसके साथ ही धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया तथा महिलाओं की सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा गया।












































