- बाल विवाह कराने पर होगी दो वर्ष तक की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना
- बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिले में विशेष निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश
अनूपपुर 23 नवंबर 2026/ बाल कल्याण समिति अनूपपुर के अध्यक्ष श्री मोहनलाल पटेल ने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह अपराध है। बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा प्रोत्साहित करने पर दो वर्ष तक का सश्रम कारावास एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शपथ, सामूहिक चर्चा और रैली के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आगामी विवाह मुहूर्तों को देखते हुए जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम तथा जिला, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर उड़नदस्ते गठित कर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आम नागरिक बाल विवाह की सूचना हेल्पलाइन नंबर 181, 1098 एवं 112 पर दे सकते हैं। सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों से भी बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है, ताकि सामूहिक प्रयासों से जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त किया जा सके।












































