IGNTU की शोधार्थी नेहा सिंह ने जापान में प्रस्तुत किया शोधपत्र

---Advertisement---
  • जापान में जनजातीय विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग का बजा डंका, शोध छात्रा नेहा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की शोध छात्रा नेहा सिंह ने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में अपना शोधपत्र प्रस्तुत कर विश्वविद्यालय और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने जापान के गीफू-नागोया में आयोजित 12वीं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘प्लांट-सॉइल इंटरैक्शन एट लो पीएच (PSILPH-2026)’ में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के समक्ष अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया।

नेहा सिंह ने अपने शोध में वायुमंडल में लगातार बढ़ रही कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा और एल्युमिनियम विषाक्तता के संयुक्त प्रभावों का चने की वृद्धि एवं उपज पर पड़ने वाले असर का अध्ययन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जैव प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक तकनीकों के माध्यम से एल्युमिनियम विषाक्तता के नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है। इससे चने की उत्पादकता बढ़ाने के साथ बढ़ती वैश्विक आबादी के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है। नेहा सिंह जैव प्रौद्योगिकी विभाग के प्रोफेसर भूमिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में पीएचडी शोधकार्य कर रही हैं। संगोष्ठी में विभिन्न देशों से पहुंचे वैज्ञानिकों ने उनके शोध निष्कर्षों में विशेष रुचि दिखाई और उनके कार्य की सराहना की। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शोध को प्रस्तुत करना नेहा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ ही विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक अनुसंधान की पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का अवसर भी रहा।

नेहा ने अपनी बीएससी और एमएससी की पढ़ाई भी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग से ही पूरी की है। इसी विश्वविद्यालय में स्नातक से लेकर पीएचडी तक की शैक्षणिक यात्रा पूरी करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोध प्रस्तुत करना उनकी मेहनत, लगन और शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्वविद्यालय के छात्र प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। विद्यार्थियों के निरंतर उपलब्धि से विश्वविद्यालय के नाम रोशन हो रहा है नेहा सिंह की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल वैज्ञानिक भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनकी यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध कार्यों के लिए प्रेरित करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment