जनकपुर। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता को मंच देने और किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के उद्देश्य से वंदना शिशु शिक्षा निकेतन इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल जनकपुर में बाल मेला, विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह, उनकी रचनात्मकता और कुछ नया सीखने की ललक देखने को मिली।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न प्रकार के स्टॉल सजाकर बाल मेले को आकर्षक रूप दिया। बच्चों ने अपने स्टॉल के माध्यम से ना केवल अपनी प्रस्तुति कला दिखाई बल्कि प्रबंधन, संवाद और व्यवहारिक समझ का भी परिचय दिया वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किये गये विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के जरिये बच्चों ने विज्ञान के सिद्धांतों और उनके दैनिक जीवन में उपयोग को समझाने का प्रयास किया।

इस बार आयोजन को खास पहचान आधुनिक तकनीक के प्रयोग ने दी। विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अपने विज्ञान मॉडलों पर आधारित वीडियो स्वयं तैयार किये। इन वीडियो के माध्यम से उन्होंने मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और विशेषताओं को रोचक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। इससे स्पष्ट हुआ कि विद्यालय में पारंपरिक शिक्षा के साथ साथ नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विज्ञान और तकनीक के साथ सांस्कृतिक रंगों ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाये रखा।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता को निखारना रहा। ऐसे आयोजन बच्चों को केवल पुस्तकीय शिक्षा तक सीमित ना रखकर उन्हें स्वयं प्रयोग करने, नये विचारों को साकार करने और अपनी प्रतिभा को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार जताया साथ ही विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












































