- आंवला वृक्ष का पूजन कर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की, वृक्ष के नीचे बनाया भोजन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में कार्तिक शुक्ल नवमी पर आंवला नवमी , अक्षय नवमी एवं इच्छा नवमी का पर्व बड़े श्रद्धा , भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया । इस अवसर पर महिलाओं ने आंवला वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि , आरोग्यता और खुशहाली की कामना की ।
सुबह से ही नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थित आंवला वृक्षों के समीप महिलाओं की भीड़ जुटने लगी । श्रद्धालुओं ने रोली , अक्षत , पुष्प , धूप-दीप एवं नैवेद्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा वृक्ष की परिक्रमा कर भगवान विष्णु से परिवार के कल्याण और सुख-शांति की प्रार्थना की । कई स्थानों पर सामूहिक पूजन , भजन-कीर्तन एवं आरती भी हुई ।

आंवला नवमी पर आंवला वृक्ष की पूजा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है । सनातन परंपरा में आंवला वृक्ष को भगवान विष्णु का प्रतीक मानकर पूजन किया जाता है । मान्यता है कि इस दिन पूजा , दान-पुण्य एवं सत्कर्म करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है ।
पर्व की परंपरा के अनुसार महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के नीचे भोजन एवं पकवान तैयार किए और पूजन के पश्चात प्रसाद स्वरूप आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर ग्रहण किया । परिवारजनों एवं अन्य श्रद्धालुओं के साथ भोजन साझा कर पर्व की परंपरा निभाई गई ।
अमरकंटक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंवला नवमी उत्साह के साथ मनाई गई । पूरे नगर में धार्मिक आस्था , भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का वातावरण बना रहा ।










































