- पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु ग्राम पंचायतों को सहयोग के निर्देश
अनूपपुर 18 नवंबर 2026/ भारत शासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का अतिरिक्त चरण (SNID) 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक से आच्छादित करने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर श्रीमती अर्चना कुमारी ने जिले की समस्त जनपद पंचायतों को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों के माध्यम से पोलियो बूथ स्थापना के लिए पंचायत भवन उपलब्ध कराने, अभियान से पूर्व प्रभातफेरी, माइकिंग एवं कोटवार के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा बूथ दिवस पर सरपंच एवं पंचों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अभियान के दौरान बूथों पर बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर से बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, सीटी, गुब्बारे एवं खिलौने आदि वितरित करने में सहयोग करने तथा प्रतिरोधी परिवारों को प्रेरित कर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों के माध्यम से समन्वय स्थापित कर अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय बैठकों और प्रशिक्षणों में संबंधित अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।











































