अनूपपुर 18 नवंबर 2026/ जिले में जल संरक्षण, जल संचयन एवं भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रत्नाकर झा एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशानुसार जिले के चारों जनपद पंचायतों में बोरी बंधान का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं जनसहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों में पानी रोकने और जल संरक्षण के लिए यह पहल की जा रही है।
बोरी बंधान कार्य के तहत नदी, नालों एवं जल प्रवाह वाले स्थानों पर मिट्टी एवं रेत से भरी बोरियों के माध्यम से अस्थायी अवरोध तैयार किए जा रहे हैं, जिससे पानी के बहाव की गति नियंत्रित कर पानी को अधिक समय तक रोका जा सके। इससे जल स्रोतों में पानी की उपलब्धता बनाए रखने तथा भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिले के अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा एवं पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायतों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बोरी बंधान के कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों से आसपास की कृषि भूमि में नमी बनाए रखने, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण के कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन एवं प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।











































