अनूपपुर 18 नवंबर 2026/ राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू एवं निकोटिन सेवन के दुष्प्रभावों, गंभीर बीमारियों तथा स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान (ToFEI) दिशा-निर्देशों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अंजली सिंह, मानसिक रोग कार्यक्रम काउंसलर प्रभा राठौर एवं आरकेएसके काउंसलर इंद्रवती सिंह उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त परिसर बनाए रखने की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली के माध्यम से तंबाकू सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत केल्हौरी एवं चाचाई उप स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर CHO, आशा कार्यकर्ताओं एवं ANM को तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को ग्रामीण स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने, तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों को परामर्श देने तथा ग्रामीणों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने हेतु सामुदायिक सहभागिता के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर शैक्षणिक संस्थानों एवं गांवों में तंबाकू मुक्त वातावरण विकसित करने तथा स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है।











































