आसनसोल, 18 नवंबर, 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा की माननीय श्रम संबंधी स्थायी समिति (2026–27) ने बुधवार को पश्चिम बर्धमान जिले के दौरे के क्रम में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के केंदा क्षेत्र स्थित न्यू केंदा खदान का अध्ययन दौरा किया।
माननीय समिति के सभापति श्री नीलाद्रि शेखर दाना के केंदा क्षेत्र पहुंचने पर ईसीएल के निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना), श्री गिरिश गोपीनाथन नायर ने उनका स्वागत किया।
माननीय समिति के सदस्य श्री पार्थो घोष एवं श्री पन्ना लाल हलदर के साथ विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ. बिजन मुखर्जी, विधायक, जामुड़िया तथा श्री चंद्रशेखर बनर्जी, विधायक, दुर्गापुर पूर्व भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान ईसीएल के महाप्रबंधक (कार्मिक/प्रशासन), केंदा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा ईसीएल मुख्यालय एवं केंदा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण समिति के साथ उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में पश्चिम बंगाल सरकार के श्रम विभाग के अपर सचिव श्री विकास साहा, अपर श्रम आयुक्त श्री श्यामल राय चौधरी एवं श्री त्रिदिबेश चटर्जी तथा आसनसोल के उप श्रम आयुक्त श्रीमती सुभागता गुप्ता एवं श्री मिहिरन बैद्य भी शामिल थे।
अध्ययन कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय समिति के सदस्यों ने न्यू केंदा खदान का दौरा किया तथा ईसीएल की खनन गतिविधियों के संचालन एवं कार्यप्रणाली की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की। इस स्थल निरीक्षण के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को कोयला खदान के विभिन्न परिचालन संबंधी पहलुओं से अवगत होने का अवसर मिला।

इस दौरे ने विशेष रूप से श्रम क्षेत्र एवं कोयला खनन उद्योग से जुड़े विषयों पर विधायी संस्थाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के बीच संस्थागत समन्वय एवं संवाद के महत्व को रेखांकित किया।
माननीय समिति ने राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देने के साथ-साथ सुरक्षित, उत्पादक एवं कर्मचारी-केंद्रित कार्य परिवेश बनाए रखने के प्रति ईसीएल की प्रतिबद्धता की सराहना की।










































