अनूपपुर (ब्यूरो)प्रादेशिक माहेश्वरी सभा में मिशन अंत्योदय के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को लेकर शहडोल जिले की कार्यशैली प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गई है।प्रदेश सचिव दीपक चांडक ने शहडोल जिला अध्यक्ष आलोक खटोड़ की सक्रियता,गंभीरता और जिम्मेदारी की खुलकर सराहना करते हुए उन्हें विशेष बधाई एवं साधुवाद दिया है।
दीपक चांडक ने अपने पत्र में कहा है कि मिशन अंत्योदय के अंतर्गत 1 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के सत्यापन एवं जिले के डाटा के शुद्धिकरण के कार्य में आलोक खटोड़ ने जिस तत्परता का परिचय दिया है,वह निश्चित रूप से अनुकरणीय है।उन्होंने बताया कि शहडोल जिले के प्रारंभिक डाटा में बड़ी संख्या में विलोपन लेख परिवार दर्शाए गए थे।लेकिन जिला अध्यक्ष ने केवल आंकड़ों पर विश्वास नहीं किया और प्रत्येक परिवार का व्यक्तिगत सत्यापन करवाया।जांच के बाद वास्तविक रूप से पात्र परिवार के रूप में केवल एक परिवार सामने आया,जबकि शेष गलत एवं अपात्र प्रविष्टियों को तत्काल सुधरवाने की कार्रवाई की गई।प्रदेश सचिव ने कहा कि यह केवल डाटा सुधारने का कार्य नहीं है,बल्कि संगठन के प्रति प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जिम्मेदार नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।इससे यह स्पष्ट होता है कि सही सत्यापन से ही वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सकती है।
इसी क्रम में दीपक चांडक ने नरसिंहपुर जिला अध्यक्ष बृज रतन काबरा एवं मुरैना जिला अध्यक्ष अजय माहेश्वरी की भी विशेष सराहना की।उन्होंने कहा कि दोनों जिला अध्यक्षों ने इस महत्वपूर्ण कार्य के प्रति गंभीरता दिखाते हुए उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित किया। भले ही उनके जिलों में डाटा सुधार एवं सत्यापन की प्रक्रिया आगे होनी है,लेकिन कार्य के प्रति उनकी तत्परता, जागरूकता और सकारात्मक पहल निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। प्रदेश सचिव ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से विनम्र आग्रह किया है कि वे शहडोल की इस पहल से प्रेरणा लें और नरसिंहपुर एवं मुरैना के जिला अध्यक्षों जैसी सक्रियता दिखाते हुए अपने-अपने जिलों में भी तत्काल सत्यापन एवं डाटा शुद्धिकरण का कार्य प्रारंभ करें।उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं है,बल्कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाना है।इसके लिए सही डाटा और पारदर्शी सत्यापन हमारी पहली जिम्मेदारी है।
अंत में उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से मिलकर मिशन अंत्योदय को सफल बनाने में सक्रिय एवं सार्थक भूमिका निभाने का आह्वान किया और शहडोल जिला अध्यक्ष को उनकी सक्रियता, सकारात्मक सोच एवं संगठन के प्रति समर्पण के लिए हार्दिक साधुवाद दिया।












































