- अंतिम सूचना के बाद भी 8 लाख 17 हजार 962 रुपये जमा नहीं करने पर हुई कार्रवाई
अनूपपुर 21 नवंबर 2026/ कलेक्टर द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए आवंटित कम्पोजिट मदिरा दुकान समूह पौराधार (APR-10) की अनुज्ञप्ति निर्धारित समयावधि में बकाया ड्यूटी राशि जमा नहीं करने पर निरस्त कर दी गई है। इस संबंध में 21 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को आयोजित ई-टेंडर प्रक्रिया में समूह का आरक्षित मूल्य 2 करोड़ 90 लाख 64 हजार 918 रुपये निर्धारित था, जिसके विरुद्ध 2 करोड़ 6 लाख 66 हजार 666 रुपये की ऑफर राशि प्राप्त हुई थी। जिला समिति द्वारा समूह श्री जविन्दर सिंह सलूजा, निवासी भाटापारा, जिला बलौदा बाजार (छत्तीसगढ़) को आवंटित किया गया था।
लाइसेंसधारी द्वारा अक्टूबर 2026 के द्वितीय पक्ष की शेष ड्यूटी राशि 8 लाख 17 हजार 962 रुपये निर्धारित समयावधि में जमा नहीं की गई। इस संबंध में 16 नवंबर 2026 को कार्यालयीन पत्र तथा 20 नवंबर 2026 को अंतिम सूचना जारी की गई, इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई और न ही कोई जवाब प्रस्तुत किया गया।
मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) दिनांक 20 फरवरी 2026 की कंडिका 12.14 एवं आबकारी आयुक्त के निर्देशों के परिपालन में अनुज्ञप्ति निरस्त की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि समूह के पुनर्निष्पादन में शासन को होने वाली आर्थिक हानि अथवा अंतर की राशि संबंधित अनुज्ञप्तिधारी से भू-राजस्व की भांति वसूल की जाएगी।












































