बीसीसीएल सतर्कता अभियान का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान

---Advertisement---

केन्द्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for prosperity) विषय के अंतर्गत बीसीसीएल में 17  अगस्त से 16 नवम्बर 2026 तक आयोजित त्रैमासिक सतर्कता जागरूकता अभियान – 2026 का आज कोयला भवन मुख्यालय में ‘सतर्कता सम्मान समारोह’ के साथ औपचारिक समापन हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मा.सं) श्री राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के ठाकुर सहित विभिन्न क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, नोडल क्षेत्रीय सतर्कता अधिकारी तथा सतर्कता अभियान से जुड़े विजेता प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बीसीसीएल के सभी विभागों और क्षेत्रों द्वारा उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सतर्कता अभियानों से मिलने वाले संदेश तभी सार्थक बनते हैं जब हम उन्हें अपने दैनिक कार्य-व्यवहार में भी अपनाएँ। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल जैसी व्यापक संस्था में सतर्कता, उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा से संबंधित विषय पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं और इनके प्रभावी अनुपालन व समयबद्ध क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सभी स्तर पर समान रूप से निहित है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा को अपनी कार्यशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्थागत मजबूती तथा सतत विकास हेतु प्रत्येक इकाई में नैतिकता पर आधारित कार्यसंस्कृति को व्यवहार में उतारना अनिवार्य है। निदेशक (वित्त/मा.सं) श्री राजेश कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि सतर्कता का अर्थ केवल भ्रष्टाचार-निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्म-संयम, अनुशासन और नैतिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है।

इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत, भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण तथा कोल इंडिया गीत के साथ की गई। मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने त्रैमासिक सतर्कता जागरूकता अभियान के दौरान कोयला भवन मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित गतिविधियों का उल्लेख किया और कहा कि बीसीसीएल में आयोजित यह अभियान नैतिकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास रहा। उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल एक नीतिगत विषय नहीं, बल्कि एक जीवन-मूल्य है, जिसे प्रत्येक जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी को अपने आचरण में अपनाना चाहिए और यह आवश्यक है कि सतर्कता को केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि साझा दायित्व के रूप में निरंतर आत्मसात किया जाए।

इसके उपरांत सतर्कता अभियान के दौरान बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता रैलियाँ, निष्ठा-संकल्प, कार्यशालाएँ, प्रतियोगिताएँ, डिजिटल नवाचार तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की झलक प्रस्तुत करती एक प्रेरक वीडियो प्रदर्शित की गई।

तत्पश्चात, 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चले त्रैमासिक सतर्कता अभियान के अंतर्गत मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं, विभिन्न अभियानों और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं विभागों को सम्मानित किया गया। सीएमडी श्री मनोज कु. अग्रवाल, निदेशकगण और सीवीओ श्रीमती दीप्ति पटेल ने सभी श्रेणी के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

‘बेस्ट परफॉर्मिंग एरिया’ श्रेणी में पूर्वी झरिया (ईजे) क्षेत्र को प्रथम, ब्लॉक-II क्षेत्र को द्वितीय तथा पीबी क्षेत्र को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री नवीन ठाकुर, वरीय प्रबंधक (सतर्कता) को ‘वर्ष 2026 के सर्वश्रेष्ठ सतर्कता अधिकारी’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विशेष प्रयास श्रेणी के अंतर्गत विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा तथा विभागाध्यक्ष (जनसंपर्क) श्री अभिषेक मिश्रा को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही वाशरी डिवीजन सहित सभी 12 क्षेत्रों के नोडल क्षेत्रीय सतर्कता अधिकारियों तथा डीएवी कोयला नगर के शिक्षक श्री पवन कुमार पांडेय एवं श्रीमती श्वेता कुमारी को आयोजन के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

धन्यवाद-ज्ञापन महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन.के ठाकुर तथा मंच संचालन उप-प्रबंधक (मा.सं/सतर्कता) श्री संतोष कुमार ने किया।

 

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment