नुक्कड़ नाटकों के जरिए बाल विवाह पर प्रहार, लोगों को बताए गए कानूनी प्रावधान

---Advertisement---

अनूपपुर 21 नवंबर 2026/ जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम एवं इसके कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 19 एवं 20 नवंबर 2026 को विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया गया। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजीता भगत के मार्गदर्शन में जिले की विभिन्न परियोजनाओं में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर जनसामान्य को बाल विवाह के प्रति जागरूक किया गया।

दो दिवसीय अभियान के अंतर्गत परियोजना कोतमा के लहसुई कैंप, गोहिन्द गांव एवं विकास नगर में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। वहीं परियोजना पुष्पराजगढ़ अंतर्गत हनुमान चौक, सब्जी मंडी, पकरी टोला एवं हर्रा टोला में कलाकारों ने प्रभावी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह की रोकथाम एवं इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। परियोजना जैतहरी एवं अनूपपुर में भी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित होने के साथ ही उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी बाधाएं उत्पन्न होती हैं। प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई एवं बाल विवाह रोकने में समाज की जिम्मेदारी के संबंध में भी जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाए। परिवार, समुदाय एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से ही बाल विवाह मुक्त समाज और जिले के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment