- ‘रन फॉर नो ड्रग्स’ के जरिए युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प, इंटर हाउस प्रतियोगिता में बालक बालिकाओं ने दिखाया दमखम
मनेन्द्रगढ़। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने और नई पीढ़ी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित करने की दिशा में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ ने सराहनीय पहल की। विद्यालय की ओर से ‘DWPS Mini Marathon – Run for No Drugs’ का आयोजन किया गया जिसमें कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के करीब 200 विद्यार्थियों ने पांच किलोमीटर की दौड़ में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से ना केवल अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।

‘नशे को ना, जीवन को हां’ की प्रेरक थीम पर आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ उन्हें खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। हाथों में नशामुक्ति का संदेश और मन में स्वस्थ समाज का संकल्प लेकर विद्यार्थी नगर की सड़कों पर दौड़ते नजर आये।
- नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी जागरूकता की दौड़
मैराथन का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। यहां से दौड़ शुरू होकर साईं तिराहा, भगत सिंह चौक, पीडब्ल्यूडी तिराहा और विशाल मेगा मार्ट होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती विद्यार्थियों की इस दौड़ ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पांच किलोमीटर की दूरी तय करते हुए बच्चों ने यह संदेश दिया कि नशे से दूर रहकर खेल और स्वास्थ्य को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
- इंटर हाउस प्रतियोगिता में दिव्यांश यादव रहे अव्वल
मैराथन के अंतर्गत आयोजित इंटर हाउस प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गति, धैर्य और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में टैगोर सदन के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी दिव्यांश यादव ने 9 मिनट 53 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी सदन के कक्षा 12वीं के भूपेंद्र ने 9 मिनट 55 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। शीर्ष दस प्रतिभागियों में शाद अली, आयुष सिंह, आरव जैन, समर्थ, दीपक, दीपांशु पाल, बी. लक्ष्य और कृष्णा प्रताप सिंह ने भी स्थान बनाया वहीं बालिका वर्ग में एडिसन सदन की कक्षा पांचवीं की छात्रा सोवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। एडिसन सदन की ही कक्षा छठवीं की भाव्या खोडियार दूसरे और आर्यभट्ट सदन की कक्षा पांचवीं की अदिति सोनवानी तीसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष दस प्रतिभागियों में त्रिवेणी पैकरा, माहरीन खान, दिव्यांशिका यादव, अक्षिता अग्रवाल, श्राव्या साहू, त्रिशा और नित्या गुप्ता भी शामिल रहीं।

- पुलिस और चिकित्सा दल ने संभाली सुरक्षा की जिम्मेदारी
आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में स्थानीय पुलिस प्रशासन और चिकित्सा दल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। विद्यालय प्रबंधन ने इस सहयोग के लिये पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया।
- निदेशिका पूनम सिंह और प्राचार्य अश्विनी वर्मा ने की पहल की सराहना
विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखना और उन्हें खेलकूद एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में जागरूकता पैदा करने के साथ समाज को भी एक सार्थक संदेश देते हैं वहीं प्राचार्य अश्विनी वर्मा ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति का विकास होता है। मैराथन में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपने आप में विजेता है। नशामुक्त जीवन का संकल्प केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की यह पहल शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने का उदाहरण बनी। विद्यालय ने विद्यार्थियों के माध्यम से नगरवासियों तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और नशामुक्त वातावरण ही बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं।
यह दौड़ सिर्फ पांच किलोमीटर का सफर नहीं थी बल्कि नशे के खिलाफ जागरूकता और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम थी।













































