युवा ही विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी ताकत, तकनीक के साथ संस्कार भी जरूरी : मनोज कुमार अग्रवाल

---Advertisement---

युवा ही विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी ताकत, तकनीक के साथ संस्कार भी जरूरी : मनोज कुमार अग्रवाल

इस्कॉन धनबाद के मेगा यूथ फेस्टिवल में बीसीसीएल सीएमडी ने किया युवाओं का आह्वान, एआई से आध्यात्मिकता तक दिए प्रेरक संदेश

धनबाद। इस्कॉन धनबाद द्वारा गोल्फ ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को आयोजित मेगा यूथ फेस्टिवल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका, आधुनिक तकनीक और आध्यात्मिक मूल्यों पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ नैतिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को कुशल, नवाचारी, अनुशासित और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण बनना होगा। उन्होंने इस्कॉन धनबाद को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेगा यूथ फेस्टिवल केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास, आध्यात्मिक जागरण और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी मंच है।

सीएमडी ने वर्तमान समय को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), डेटा एनालिटिक्स और इंडस्ट्री 4.0 का युग बताते हुए कहा कि युवाओं को केवल नई तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि उनका नवाचार करने वाला और सृजनकर्ता बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि बीसीसीएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी डिजिटल परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आधुनिक खनन में ड्रोन सर्वे, जीआईएस मैपिंग, स्मार्ट माइनिंग, ऑटोमेशन तथा एआई आधारित निर्णय प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि तकनीक जीवन को गति देती है, लेकिन आध्यात्मिकता सही दिशा प्रदान करती है। यदि जीवन में सही दिशा नहीं होगी तो तेज गति भी व्यक्ति को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकती। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कुछ नया सीखने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा तकनीक और आध्यात्मिकता के बीच संतुलन स्थापित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में इस्कॉन धनबाद के पदाधिकारी, आईआईटी (आईएसएम), बीआईटी एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में युवा, स्वयंसेवक और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान युवाओं के लिए प्रेरक व्याख्यान, नशा मुक्ति अभियान, शपथ ग्रहण समारोह तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। मेगा यूथ फेस्टिवल में दो हजार से अधिक पंजीकृत युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के समापन पर मनोज कुमार अग्रवाल ने गोल्फ ग्राउंड परिसर में निर्मित श्री गुंडीचा मंदिर में स्थापित भगवान श्री जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र के विग्रहों के दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने आयोजन स्थल पर बने भव्य श्री जगन्नाथ पंडाल, आनंद बाजार तथा रथ परिक्रमा स्थल का भी भ्रमण किया और आयोजन की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि इस्कॉन धनबाद द्वारा आयोजित चार दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई को हुआ था। इस वर्ष महोत्सव का प्रमुख आकर्षण आईआईटी (आईएसएम) एवं बीआईटी के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विशेष ऑटोमेटिक रथ रहा, जिसमें मार्ग के अनुसार ऊंचाई स्वतः समायोजित करने की तकनीक का उपयोग किया गया। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भागवत प्रवचन, महाप्रसाद वितरण, आनंद बाजार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment