- छोटे दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद , स्वच्छता बनाए रखने के लिए संतों ने किया प्रेरित
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में दीपावली पर्व को लेकर बाजार में रौनक दिखाई देने लगी है । धनतेरस के पावन अवसर पर सड़क किनारे किनारे फुटपाथों पर छोटे दुकानदारों ने अपनी अस्थायी दुकानें सजाई हैं । त्योहार को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने लोगों की जरूरत और पसंद के अनुसार विभिन्न सामग्री बिक्री के लिए रखी है ।
धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी की विशेष परंपरा है । इस दिन लोग शुभ मुहूर्त में सोना , चांदी , बर्तन , झाड़ू आदि खरीदना शुभ माना जाता है । साथ ही पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करते हैं । इसी उम्मीद में छोटे दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं और उन्हें अच्छी बिक्री की आस है ।

अमरकंटक के मुख्य मार्ग के किनारे विभिन्न आश्रमों के आसपास दुकानें लगाने वाले छोटे व्यापारियों को संतों का भी सहयोग मिलता है । महामंडलेश्वर स्वामी रामभूषण दास जी महाराज शांति कुटी आश्रम ने अस्थायी दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी नहीं फैलाने की समझाइश देते हैं । साथ ही आश्रम की ओर से निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था कर परिक्रमावासियों , पर्यटकों , श्रद्धालुओं और दुकानदारों की वर्षों से सेवा की जा रही है ।
त्योहार के चलते दुकानदारों में उत्साह है । उन्हें धनतेरस पर अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है ।




























