पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, तनावमुक्त तथा ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन अनूपपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में योगाचार्य श्री रितेश मिश्रा जी एवं सुश्री शैल चतुर्वेदी जी द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योगाचार्यों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न अंग बताया तथा शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता एवं तनाव प्रबंधन में योग की उपयोगिता समझाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री अंकित सोनी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनूपपुर सहित थाना कोतवाली, अजाक थाना, महिला थाना, यातायात थाना, कंट्रोल रूम एवं पुलिस लाइन में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
इसी क्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें संबंधित थाना एवं चौकी के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखना तथा नियमित योग एवं व्यायाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण ऊर्जा, सकारात्मकता एवं कार्यक्षमता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।










































