लहरपुर को आदर्श ग्राम बनाने की पहल, कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

---Advertisement---

अनूपपुर 20 नवंबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आज जनपद पंचायत जैतहरी की ग्राम पंचायत लहरपुर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय महाविद्यालय, उप स्वास्थ्य केंद्र, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय उचित मूल्य दुकान एवं ग्राम पंचायत भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महाविद्यालय परिसर को व्यवस्थित करने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शासकीय महाविद्यालय लहरपुर का निरीक्षण कर महाविद्यालय परिसर एवं आसपास की भूमि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महाविद्यालय के सामने स्थित लगभग 15 डिसमिल भूमि, जिस पर श्री राम कुमार राठौर सहित अन्य लोगों का नाम बताया गया, के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करते हुए भूमि को महाविद्यालय के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने तथा श्री राम कुमार राठौड़ सहित अन्य लोगों को अन्य स्थान में भूमि मुहैया कराने के निर्देश दिए। साथ ही महाविद्यालय परिसर को अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने ग्राम लहरपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ओपीडी, टीकाकरण एवं सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग से संबंधित जांच रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उप स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने किया सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र लहरपुर का निरीक्षण

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र लहरपुर का निरीक्षण कर दर्ज बच्चों की संख्या एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में लगभग 15 बच्चे दर्ज हैं। कलेक्टर ने पेयजल, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं पौधरोपण सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आंगनबाड़ी परिसर में पौधरोपण की स्थिति व्यवस्थित नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर श्रीमती उषा शुक्ला की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को परिसर में मुनगा, आम, जामुन, कटहल सहित अन्य स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण व्यवस्था का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने शासकीय उचित मूल्य दुकान लहरपुर का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। दुकान संचालक ने बताया कि केंद्र के माध्यम से 552 हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राशन वितरण की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें व्यवस्थित तरीके से राशन प्राप्त होने की जानकारी दी। कलेक्टर ने राशन वितरण केंद्र परिसर एवं टीन शेड का भी निरीक्षण किया। टीन शेड की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही टीन शेड को व्यवस्थित करने तथा राशन लेने आने वाले हितग्राहियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी को दिए।

कलेक्टर ने लहरपुर को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने ग्रामीणों से किया संवाद

कलेक्टर श्री झा ने ग्राम पंचायत लहरपुर का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत भवन एवं परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को परिसर में पौधरोपण कराने तथा पंचायत भवन को और अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर गांव में स्कूल, आंगनबाड़ी, खाद्यान्न वितरण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने ग्रामीणों से लहरपुर को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण पर जोर दिया।

कलेक्टर ने पशुपालन को बढ़ावा देने ग्रामीणों को किया प्रेरित

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने ग्रामीणों को पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन जैसी आजीविका गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया कि ग्राम पंचायत में आवारा पशुओं की संख्या अधिक होने के कारण उनकी फसलों को नुकसान पहुंचता है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी से गांव में 5 एकड़ से अधिक उपलब्ध जमीन के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए गौशाला निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि आवारा पशुओं की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जा सके।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत‌ जैतहरी सहित अन्य विभिन्न विभाग के संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment