अनूपपुर । नगर पालिका परिषद अनूपपुर में वार्ड क्रमांक 01 में पेवर ब्लॉक एवं सीसी रोड व विद्युतीकरण कार्य के टेंडर को लेकर विवाद सामने आया है।वार्ड नं. 05 निवासी ठेकेदार विनोद कुमार खेमका ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी निविदा को बिना कारण बताए नहीं खोला गया, जबकि फाइनेंशियल बिड में एकल फर्म की बिड खोल दी गई।
पत्र में ठेकेदार विनोद कुमार खेमका ने कहा है कि टेंडर नं. 533519 दिनांक 13/10/2026 को जारी किया गया था।उनके अनुसार प्रारंभ में विद्युतीकरण का उल्लेख 5/10/2026 की अंतिम तिथि तक नहीं किया गया था,बाद में समय बढ़ाकर कंडिका में विद्युत का रजिस्ट्रेशन मांगा गया। उनका कहना है कि 42 लाख के टेंडर में मात्र 5 प्रतिशत ही विद्युत का कार्य नियमानुसार होना है।
श्री खेमका का आरोप है कि जब बिड खोला गया तो उन्हें अपात्र कर दिया गया,जबकि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी ठेकेदार को अपात्र करने से पहले सूचित कर सही कारण बताते हुए अपूर्ण दस्तावेज की मांग की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सूचना दिए फाइनेंशियल बिड खोल दिया गया, जो नियम विरुद्ध है।
पत्र में शासन के नियम पत्र क्रमांक/या.प्र./07/2025/0269 दिनांक 02/09/2025 का हवाला देते हुए कहा गया है कि 2 करोड़ से अधिक के कार्य में प्री-क्वालिफिकेशन रखे जाने का प्रावधान है।
श्री खेमका के अनुसार फाइनेंशियल बिड दिनांक 5/11/2026 को उनकी अनुपस्थिति में बिना कोई कारण बताए सिंगल फार्म का खोल दिया गया।उन्होंने इसे व्यक्तिगत लाभ के लिए एकल ठेकेदार को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है।
ठेकेदार विनोद कुमार खेमका ने मांग की है कि उनके द्वारा डाली गई निविदा को खोला जाए,अन्यथा वे कानूनी कार्रवाई हेतु विवश होंगे।पत्र की प्रतिलिपि प्रमुख अभियंता नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल,कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग शहडोल, कलेक्टर अनूपपुर एवं अध्यक्ष नगर पालिका अनूपपुर को भी भेजी गई है।











































