खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, अमलाई में स्व. रमेश्वर पटेल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारी शुरू

---Advertisement---
  • 16 टीमों की सहभागिता प्रस्तावित, आयोजन की रूपरेखा तैयार करने आयोजक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

अमलाई। क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से पूज्य बाबूजी स्वर्गीय श्री रमेश्वर पटेल जी की पावन स्मृति में भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर अमलाई स्टेडियम में आयोजक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित कर आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए। बैठक में उपस्थित लोगों ने टूर्नामेंट को सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। वहीं आयोजक मंडल के सदस्यों ने प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल व्यवस्थाओं, आवश्यक सुविधाओं, सम्मान समारोह एवं अन्य तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उपस्थित सभी लोगों के सुझावों एवं सहमति के आधार पर आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने का सामूहिक निर्णय लिया गया।

आयोजक मंडल ने बताया कि इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों की सहभागिता प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के दौरान खेल प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट की अंतिम तिथि एवं विस्तृत कार्यक्रम को लेकर आगामी बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इसके पश्चात आयोजन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बैठक के दौरान आयोजक मंडल की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया गया। सभी के लिए नाश्ता, पानी एवं मिठाई की व्यवस्था भी की गई। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस गोलमेज बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। आयोजक मंडल का कहना है कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पूज्य बाबूजी स्वर्गीय श्री रमेश्वर पटेल जी की स्मृतियों को समर्पित एक विशेष आयोजन होगा। इसके माध्यम से खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव, सम्मान और भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment