इंदिरा गांधी के आदर्शों पर चलने का संकल्प, कांग्रेसजनों ने मनाई जयंती

---Advertisement---
  • प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर व्यक्तित्व और कृतित्व का किया स्मरण, राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और संविधान की रक्षा के लिए समर्पित रहने का लिया संकल्प

अनूपपुर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर 19 नवंबर को जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित इंदिरा तिराहे पर जिला कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, कृतित्व और संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी सोच, साहसिक निर्णयों और मजबूत नेतृत्व क्षमता के लिए सदैव स्मरण की जाती रहेंगी। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हुए भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें भारत की लौह महिला के रूप में विशेष पहचान मिली।

वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी अपने सिद्धांतों के प्रति सदैव अडिग रहीं। उन्होंने अपने कर्मों, संघर्ष और दृढ़ नेतृत्व से देश की जनता का विश्वास अर्जित किया। गरीबों, आदिवासियों, वंचितों तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके प्रयास उनकी जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी साहसिक निर्णय लेने की उनकी क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी अमर रहें तथा जब तक सूरज चांद रहेगा, इंदिरा तेरा नाम रहेगा जैसे नारों से परिसर गुंजायमान रहा। साथ ही जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एआईसीसी पर्यवेक्षक जगताप जी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान, पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह, वासुदेव चटर्जी रामखेलावन राठौर जीवेन्द्र सिंह गुलाब पटेल, रजनी राठौर, राजीव सिंह, कैलाश राठौर, सत्येंद्र स्वरूप दुबे, राधेश्याम पटेल, संतोष मिश्रा, रामसजीवन गौतम, लोकनाथ जाटव, जीवन सिंह, कुलेश्वर राठौर, जमुना कोल, जानकी धुर्वे, आकांक्षा चौधरी, अंकित सोनी, रमजान, गोविंद राठौर, दिनेश सिंह प्रेमवती प्यासी समीर प्यासी सूर्य प्रताप सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश की पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment