पटना पुलिस ने कार्यवाही कर आंजोखुर्द से किया गिरफ्तार
कोरिया। बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी पर पटना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपयों की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी किशन तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम आंजोखुर्द निवासी नंदलाल सिंह ने थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि किशन तिवारी ने नगर पंचायत पटना में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर उनसे 2 लाख रुपये लिये लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। शिकायत के आधार पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सरकारी और निजी संस्थानों में नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर रकम वसूल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए आरोपी किशन तिवारी पिता जय कुमार तिवारी उम्र 23 वर्ष निवासी आंजोखुर्द को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद पांडेय, सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण राजवाड़े सहित थाना पटना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे देने से बचें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।






































