- पुराने दरवाजे पर फ्लाई ठोककर कर दी पेंटिंग, नई छत के बजाय पुराने सेट की मरम्मत; बाथरूम का काम अधूरा, वायरिंग और प्लास्टर में भी खानापूर्ति
जमुना कोतमा। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के सिविल विभाग में कराए जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं इसका ताजा उदाहरण भालूमाडा कोतमा कालरी क्लब में सामने आया है, जहां मरम्मत कार्य के नाम पर लगभग 34 लाख रुपये खर्च किए जाने के बाद भी भवन की स्थिति संतोषजनक नजर नहीं आ रही है मौके पर किए गए निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई ऐसी कमियां सामने आईं, जो पूरे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं
बताया गया कि कालरी क्लब में मरम्मत कार्य के लिए राशि स्वीकृत कर कार्य कराया गया। कार्य की जिम्मेदारी ठेकेदार सत्यन पाल ओवरसीज, सिविल विभाग से जुड़े अमित एस.ओ. तथा सिविल अधिकारी विकास मल की देखरेख में होने की बात सामने आई है लेकिन मौके पर निरीक्षण करने पर ऐसा प्रतीत हुआ कि जिस स्तर का कार्य 34 लाख रुपये की राशि में होना चाहिए था, उसके मुकाबले कई कार्यों में महज खानापूर्ति की गई है
हल्की बारिश में ही टपकने लगी छत
कालरी क्लब की छत को लेकर सबसे गंभीर स्थिति सामने आई निरीक्षण के दौरान हल्की बारिश के बाद ही छत से पानी टपकता हुआ पाया गया सवाल यह है कि जब भवन की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं तो सामान्य बारिश में ही छत का टपकना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़ा प्रश्न खड़ा करता है
जानकारी के अनुसार क्लब में नया सेट लगाए जाना था लेकिन मौके पर नया सेट लगाए जाने के बजाय पुराने सेट की ही मरम्मत कर उसे उपयोग में लिया गया इससे यह सवाल उठ रहा है कि स्वीकृत कार्य के अनुसार वास्तविक काम कितना हुआ और मौके पर कितना काम किया गया
चारों तरफ की दीवारों की मरम्मत का दावा, लेकिन काम अधूरा
क्लब की चारों तरफ की दीवारों को मरम्मत के लिए तोड़ा गया था, लेकिन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी दीवारों पर समान रूप से मरम्मत कार्य नहीं किया गया। सामने की ओर प्लास्टर और पुताई कर दी गई, जबकि अन्य हिस्सों में काम अधूरा दिखाई दिया

यदि पूरे भवन की दीवारों की मरम्मत कार्य में शामिल थी तो फिर अन्य हिस्सों को उसी स्थिति में क्यों छोड़ दिया गया, यह सवाल संबंधित विभाग से जवाब मांगता है
बाथरूम का काम भी नहीं हुआ पूरा
कालरी क्लब में बाथरूम से संबंधित कार्य भी प्रस्तावित था, लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान बाथरूम का काम अपेक्षित स्तर पर होता दिखाई नहीं दिया ऐसे में यह सवाल भी उठना स्वाभाविक है कि मरम्मत कार्य की स्वीकृत सूची में शामिल कार्य वास्तव में कितने पूरे किए गए
पुराने दरवाजे पर फ्लाई ठोककर कर दी पेंटिंग
मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का एक और उदाहरण क्लब के दरवाजों में दिखाई दिया जहां नए दरवाजे लगाए जाने की आवश्यकता बताई गई थी, वहां पुराने दरवाजे को ही सुधारकर उसके ऊपर फ्लाई ठोकी गई और पेंटिंग कर उसे नया रूप देने का प्रयास किया गया
यदि कार्य में नए दरवाजे लगाए जाने थे तो पुराने दरवाजे को ही सुधारकर लगाने की जरूरत क्यों पड़ी, यह भी जांच का विषय है
वायरिंग की गुणवत्ता पर भी सवाल
क्लब में कराई गई विद्युत वायरिंग को भी मौके पर देखने पर उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए लाखों रुपये की मरम्मत के बावजूद विद्युत कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री और व्यवस्थित वायरिंग का अपेक्षित स्वरूप नजर नहीं आया
एक तरफ 34 लाख रुपये की राशि खर्च होने की बात है, दूसरी तरफ भवन में छत, दीवार, दरवाजे, बाथरूम और वायरिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में कमियां दिखाई दे रही हैं ऐसे में पूरे कार्य का तकनीकी परीक्षण कराना आवश्यक प्रतीत होता है।
शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालरी क्लब में कराए जा रहे कार्य को लेकर पूर्व में भी शिकायत की गई थी शिकायत के बाद संबंधित ओवरसीयर और इंजीनियर को मौके पर लाकर स्थिति दिखाई गई थी, इसके बावजूद कार्य की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य की गुणवत्ता की जांच कर ली जाती तो आज लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी क्लब की यह स्थिति सामने नहीं आती
34 लाख के काम की उच्चस्तरीय जांच की मांग
भालूमाडा कालरी क्लब में हुए मरम्मत कार्य को लेकर अब स्थानीय लोगों ने एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रभाकर राम त्रिपाठी से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, स्वीकृत प्राक्कलन, कार्यादेश, माप पुस्तिका, भुगतान विवरण तथा मौके पर किए गए वास्तविक कार्य का मिलान कराया जाए। साथ ही यह भी जांच हो कि 34 लाख रुपये की राशि से जिन कार्यों का प्रावधान किया गया था, वे वास्तव में पूरे हुए हैं या नहीं
लोगों ने मांग की है कि जांच में यदि कार्य में अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए तथा शासकीय राशि के उपयोग की पूरी जवाबदेही तय की जाए
मिनी रत्न और महारत्न का दर्जा प्राप्त कोल इंडिया एवं एसईसीएल जैसे सार्वजनिक उपक्रमों की प्रतिष्ठा उनके जमीनी स्तर पर होने वाले कार्यों की गुणवत्ता से भी जुड़ी है ऐसे में 34 लाख रुपये की लागत से हुए कालरी क्लब के मरम्मत कार्य में सामने आई कमियों की निष्पक्ष जांच न केवल स्थानीय लोगों की मांग है, बल्कि सार्वजनिक धन के उपयोग की पारदर्शिता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है
इनका कहना है
अगर छत पानी बरसने से टपक रहा है तो मैं वेलफेयर बोर्ड से उसकी जांच करवाता हूं
विकास मल एस ओ सिविल जमुना कोतमा क्षेत्र












































