शिकायतों के बाद कार्रवाई, धुरवासिन स्कूल को मिला नया प्रभारी प्राचार्य

---Advertisement---

धुरवासिन स्कूल में प्रशासनिक बदलाव, गोपाल सिंह धुर्वे बने प्रभारी प्राचार्य, नए संकाय शुरू करने की घोषणा

अनूपपुर/ धुरवासिन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुरवासिन के संस्था प्रमुख के विरुद्ध लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.के. वर्मा ने विद्यालय पहुंचकर मौके पर जांच की। जांच के दौरान विद्यालय में कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई।इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने संबंधितों को आवश्यक समझाइश देते हुए शिकायतों को गंभीरता से लिया।

शिकायतों के बीच विद्यालय में माध्यमिक शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी दिए जाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए गए। मामले को संज्ञान में लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.के. वर्मा ने वरिष्ठ शिक्षक गोपाल सिंह धुर्वे को प्रभारी प्राचार्य बनाए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे तत्काल मंजूरी मिल गई।

प्रभारी प्राचार्य का दायित्व संभालते ही गोपाल सिंह धुर्वे ने विद्यालय के शैक्षणिक विकास को लेकर नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी जुलाई माह से विद्यालय में गणित, विज्ञान एवं कॉमर्स संकाय संचालित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें उच्च शिक्षा के नए अवसर प्रदान करना है।
धुर्वे ने क्षेत्र के ग्रामीणजनों से विद्यालय के विकास में सहयोग एवं आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की है। उनकी इस घोषणा से स्थानीय ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अभिभावकों में नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि विद्यालय में नए संकाय शुरू होते हैं तो क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपने गांव के नजदीक ही बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

प्रभारी प्राचार्य के रूप में गोपाल सिंह धुर्वे के पदभार संभालने के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें विद्यालय के आगामी शैक्षणिक बदलावों पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नई पहल से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का रास्ता खुलेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment