अनूपपुर 27 अक्टूबर 2026/ कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त 80 आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करते हुए त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पिपरिया निवासी श्री बाबूलाल पटेल ने घर के आंगन में विद्युत केबल लगवाने, ग्राम फुन्गा निवासी श्री जीवन लाल सिंह ने विद्युत करंट से बैल की मृत्यु होने पर सहायता राशि दिलाने तथा अनूपपुर के जमुनिया टोला वार्ड क्रमांक 5 निवासी श्रीमती माया बाई कोल ने विद्युत बिल में सुधार संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम कोलनी निवासी मनुवा पाव ने अपने पुत्र को रोजगार उपलब्ध कराने तथा ग्राम बरबसपुर करौंदी निवासी श्री सोहन लाल यादव ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के संबंध में आवेदन दिया।
ग्राम लतार निवासी मनमुखी चौधरी ने शौचालय निर्माण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम शिवनी निवासी दिव्यांग रामचरण ने आर्थिक सहायता एवं ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्रतानुसार निराकरण किया जाए तथा आवेदकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





























