लोहसरा-बिजुरी में अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त
अनूपपुर 7 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं उपसंचालक खनिज के सख्त निर्देशन में अनूपपुर जिले के भीतर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देशों का पालन करते हुए खनिज विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की और कोतमा तहसील के अंतर्गत ग्राम लोहसरा-बिजुरी में भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत को जब्त किया। पकड़ी गई रेत को सुरक्षा के लिहाज से उपतहसील कार्यालय परिसर बिजुरी में रखवा दिया गया है।
खनिज विभाग द्वारा बताया कि कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के स्पष्ट आदेश हैं कि जिले की प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले और शासकीय राजस्व को चूना लगाने वाले तत्वों के खिलाफ शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई जाए। इसी के तहत विभागीय टीम द्वारा नियमित निरीक्षण और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शासन के नियमानुसार अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री पंचोली के मार्गदर्शन में प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सजग रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संपदा का संरक्षण और सरकारी राजस्व की हानि को रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी अवैध उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिलती है, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।





































