कोल इंडिया स्थापना दिवस के अवसर पर आज कोयला भवन मुख्यालय में कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों के पदोन्नति प्रमाण पत्र एवं अनुकंपा नियुक्ति के लाभार्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कंपनी में कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के गैर-कार्यपालक (नॉन-एग्जीक्यूटिव) कर्मचारियों के बीच विभागीय पदोन्नति प्रमाण पत्र तथा अनुकंपा नियुक्ति के पात्र लाभार्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोल इंडिया स्थापना दिवस हमारे लिए संस्थान की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं सामूहिक प्रयासों का उत्सव मनाने के साथ अपने कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करने का विशेष अवसर भी है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में उसके कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उनकी मेहनत, निष्ठा एवं समर्पण ही संगठन की सफलता का आधार हैं।
उन्होंने पदोन्नति प्राप्त सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक निष्ठा, दक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में उन्होंने कहा कि यह पहल दिवंगत कर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल एवं सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में संगठन की संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को दर्शाती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों से ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों कल्याण एवं उनका सर्वांगीण विकास कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा, अनुभव एवं सेवाओं की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करती है। उन्होंने पदोन्नति प्राप्त सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी नई भूमिका एवं जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ निभाएं। अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में सहयोग एवं आजीविका का आधार प्रदान करती है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से संगठन के प्रति समर्पित रहते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत कोयला भवन मुख्यालय में कार्यरत विभागीय पदोन्नति प्राप्त 93 गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के बीच पदोन्नति प्रमाण पत्रों के वितरण के साथ की गई। इसी क्रम में कार्यक्रम के दूसरे सत्र में अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत कुल 105 पात्र लाभार्थियों के बीच सीएमडी श्री अग्रवाल द्वारा नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष बीसीसीएल के कुल 943 कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गई है। इनमें कोयला भवन मुख्यालय में कार्यरत 93 कर्मचारी शामिल हैं, जिन्हें मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके पदोन्नति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कोल इंडिया स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बीसीसीएल की कर्मचारी-केंद्रित नीतियों, मानव संसाधन विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। समारोह कर्मचारियों की सेवाओं, कार्यक्षमता एवं योगदान को सम्मानित करने के साथ आश्रित परिवारों को आजीविका एवं बेहतर भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।




























