बीसीसीएल ने आयोजित की एमएसई वेंडर्स मीट, खरीद व भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर

---Advertisement---

बीसीसीएल ने आयोजित की एमएसई वेंडर्स मीट, खरीद व भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा सूक्ष्म एवं लघु उद्यम (एमएसई) वेंडर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कंपनी और वेंडर्स के बीच समन्वय मजबूत करते हुए खरीद एवं भुगतान प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और बाधारहित बनाना था। कार्यक्रम में बीसीसीएल की खरीद प्रणाली, भुगतान नियमों और नवीन प्रावधानों की विस्तृत जानकारी साझा की गई, ताकि वेंडर्स निर्धारित प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन कर सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं कोल इंडिया गीत के साथ हुआ। महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (सामग्री प्रबंधन) आनंद कुमार ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक उपक्रम की सफलता में कर्मचारियों के साथ-साथ वेंडर्स और अन्य हितधारकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विश्वास, पारदर्शिता और बेहतर संवाद की मजबूत नींव रखते हैं तथा खरीद प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और जवाबदेह बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (उत्खनन) आर.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (ई एंड एम) आई.पी. सिंह, महाप्रबंधक (सिस्टम) डी.पी. मिश्रा सहित सामग्री प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए वेंडर्स, उनके प्रतिनिधियों और संविदाकारों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान इनवॉयसमार्ट के प्रतिनिधि विनय कुमार मिश्रा ने टीआरईडीएस (TReDS) प्लेटफॉर्म पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए एमएसएमई इकाइयों के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं, डिजिटल भुगतान प्रणाली और त्वरित भुगतान व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से एमएसएमई को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

इसके बाद उप-प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) विक्की आनंद ने बीसीसीएल की खरीद प्रणाली पर तकनीकी प्रस्तुति दी। उन्होंने एमएसएमई की परिभाषा, सार्वजनिक खरीद नीति-2012 एवं उसके संशोधनों, महिला एवं एससी/एसटी स्वामित्व वाले एमएसएमई के लिए विशेष प्रावधान, GeM पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया, निविदाओं में होने वाली सामान्य त्रुटियां, अनुभव मानदंडों में उपलब्ध छूट, ‘मेक इन इंडिया’ नीति, एमएसई आरक्षित उत्पादों की खरीद, टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म, एमएसएमई समाधान पोर्टल तथा GeM की नई सुविधाओं जैसे बिड रिप्रेजेंटेशन, ऑटो एक्सटेंशन ऑफ बिड्स और क्वालिटी एंड कॉस्ट बेस्ड सेलेक्शन (QCBS) सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वेंडर प्रतिनिधियों ने खरीद एवं भुगतान प्रणाली से जुड़े विभिन्न प्रश्न और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सभी से निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने और पारदर्शी खरीद व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन वरीय प्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) शमील वारिस के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में वरीय प्रबंधक अभिनव कुमार, वरीय प्रबंधक रामदास एन. सहित सामग्री प्रबंधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से बीसीसीएल ने स्पष्ट संदेश दिया कि कंपनी पारदर्शी, डिजिटल और जवाबदेह खरीद व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा एमएसएमई वेंडर्स के साथ दीर्घकालिक सहयोगात्मक संबंध स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment