अनूपपुर 18 नवंबर 2026/बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जैतहरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी की बालिकाओं एवं बाल विकास परियोजना जैतहरी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से बाल विवाह न करने, बाल विवाह न होने देने तथा समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के उपरांत रैली निकालकर बाल विवाह रोकथाम संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।











































