बीसीसीएल में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग पर कार्यशाला, संशोधित तिमाही प्रतिवेदन पर दिया गया प्रशिक्षण

---Advertisement---
  • राजभाषा नीति, अधिनियम एवं तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के नवीनतम प्रारूप पर प्रतिभागियों को दी गई विस्तृत जानकारी

कोयला भवन मुख्यालय में आज राजभाषा विभाग द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों, विधायी पहलुओं तथा तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के निर्धारित प्रारूप में किए गए नवीनतम संशोधनों से प्रतिभागियों को अवगत कराना और उनके प्रभावी अनुपालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यशाला में कोयला भवन मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, राजभाषा प्रभारी/नोडल हिंदी अधिकारी, हिंदी कैडर के कर्मी तथा राजभाषा विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजभाषा क्रियान्वयन, राजभाषा नीति, राजभाषा अधिनियम, 1963 तथा अधिनियम की धारा 3(3) के अनुपालन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के प्रारूप में किए गए नवीनतम संशोधनों और उनके अनुरूप रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

उल्लेखनीय है कि राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, बैंकों, उपक्रमों, बोर्डों एवं स्वायत्त निकायों से प्राप्त सुझावों के आधार पर राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग से संबंधित तिमाही प्रगति प्रतिवेदन की रिपोर्टिंग प्रणाली को अधिक सरल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सभी संगठनों के लिए एकीकृत प्रारूप निर्धारित किया गया है। संशोधित व्यवस्था के अंतर्गत तिमाही प्रगति प्रतिवेदन के भाग-I एवं भाग-II को प्रत्येक तिमाही में एक साथ भरना अनिवार्य किया गया है। संशोधित प्रारूप एवं अंकतालिका अक्टूबर-दिसंबर, 2026 तिमाही से प्रभावी होंगे। इसी के मद्देनजर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संशोधित प्रारूप की आवश्यकताओं और इसके अनुरूप प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण सत्र में निर्धारित प्रारूप के विभिन्न मदों एवं प्रविष्टियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें राजभाषा नियम, 1976 के नियम 5 के अंतर्गत हिंदी में प्राप्त पत्रों का विवरण, मूल रूप से हिंदी में भेजे गए पत्रों एवं पत्राचार का ब्यौरा, अंग्रेजी में प्राप्त पत्रों के उत्तर, राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 3(3) के अंतर्गत जारी दस्तावेजों का विवरण, हिंदी प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकों तथा फाइलों, आवतियों, ई-ऑफिस पर हिंदी में टिप्पण लेखन सहित विभिन्न अन्य प्रविष्टियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों को इन मदों में सही एवं सुसंगत जानकारी दर्ज करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्रतिवेदन तैयार करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

समापन सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिन पर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया। इस संवादात्मक सत्र के माध्यम से संशोधित प्रारूप के विभिन्न पहलुओं को और स्पष्ट करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राजभाषा संबंधी कार्यों में एकरूपता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ बीसीसीएल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को और सुदृढ़ करना रहा।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ की गई। वरीय अधिकारी (मा.सं/राजभाषा) सुश्री सुमेधा भारती ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया और कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में श्री संभ्रांत पांडे, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन); श्री अनिरुद्ध नोनिया, वरीय अनुवादक (राजभाषा) सहित राजभाषा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

Leave a Comment