- पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चौहान ट्रेडर्स और कुरैशी इंटरप्राइजेज की जांच की, जरूरी दस्तावेजों और वैधानिक अनुमतियों के संधारण में मिली गंभीर खामियां
मनेन्द्रगढ़। कबाड़ कारोबार की आड़ में होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये जिला पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मनेन्द्रगढ़ में दो कबाड़ प्रतिष्ठानों के खिलाफ संयुक्त कार्यवाही की है। 19 नवंबर को की गई इस कार्यवाही के दौरान टीम ने दो कबाड़ गोदामों का निरीक्षण कर उनके संचालन से संबंधित दस्तावेजों, पंजीयन और विभिन्न विभागों से प्राप्त अनुमतियों की जांच की। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दोनों प्रतिष्ठानों को नियमानुसार सील करने की कार्यवाही की गई है।
यह कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, तहसीलदार विनीत सिंह और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्स्ना टोप्पो की उपस्थिति में थाना मनेन्द्रगढ़ के पुलिस बल के साथ की गई। संयुक्त टीम ने सबसे पहले कबाड़ व्यवसाय से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की जानकारी लेते हुए प्रतिष्ठानों के संचालन की वैधानिक स्थिति की पड़ताल की।

जांच के दायरे में चौहान ट्रेडर्स जिसके संचालक चुनमुन हैं और कुरैशी इंटरप्राइजेज जिसके संचालक राजू कबाड़ी हैं, शामिल रहे। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में व्यवसाय संचालन के लिये आवश्यक भूमि स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, भूमि डायवर्सन अनुमति, नगर पालिका का ट्रेड लाइसेंस, जीएसटी पंजीयन, कबाड़ गोदाम का पंजीयन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित अनुमतियों की जांच की। इसके साथ ही एसईसीएल अथवा अन्य शासकीय उपक्रमों से कबाड़ खरीदी का दावा होने पर एमएसटीसी पंजीयन, खरीद बिक्री के रिकॉर्ड, बिल, कमर्शियल विद्युत कनेक्शन, श्रम विभाग में पंजीयन तथा सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली गई।
संयुक्त जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों और अभिलेखों के संधारण में गंभीर कमियां पाई गईं। संचालकों द्वारा व्यवसाय संचालन से संबंधित अधिकांश जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये जाने और निर्धारित मानकों के पालन में कमी सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने नियमानुसार दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।
- पहले भी दो गोदामों से जब्त हुआ था 1250 किलो कबाड़
गौरतलब है कि मनेन्द्रगढ़ पुलिस कबाड़ कारोबार में अनियमितताओं को लेकर पहले भी कार्यवाही कर चुकी है। बीते 13 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चनवारीडांड और मौहारपारा स्थित दो अलग अलग कबाड़ गोदामों में दबिश दी थी। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के एकत्रित कबाड़ सामग्री जब्त की गई थी। चनवारीडांड स्थित गोदाम से पुराने मशीनरी उपकरण, सबमर्सिबल पंप, बोरवेल संबंधी सामग्री, गैस सिलेंडर, कबाड़ रोलर, साइकिल के टूटे फूटे सामान, लोहे की जाली, टीन शीट और एयर कंप्रेशर मशीन सहित कुल 910 किलोग्राम कबाड़ बरामद किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 750 रुपये आंकी गई थी।
इसी तरह मौहारपारा में राजू कबाड़ी के गोदाम के पीछे रखे पुराने सेंट्रिंग प्लेट, लोहे की छड़ें, टूटी टीन शीट, पाइप, पुराने एंगल और अन्य लोहे के कबाड़ सहित 340 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई थी जिसकी कीमत लगभग 10 हजार 200 रुपये बताई गई थी। दोनों स्थानों से कुल 1250 किलोग्राम कबाड़ जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार 950 रुपये थी को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया था। इस मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 03/2026 एवं 04/2026 कायम कर वैधानिक कार्यवाही की गई थी।
- नियमों की अनदेखी करने वालों पर रहेगी नजर
लगातार हो रही कार्यवाही से स्पष्ट है कि जिला पुलिस और प्रशासन कबाड़ व्यवसाय की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा नियमों के उल्लंघन को लेकर गंभीर है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में संचालित कबाड़ प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी की जायेगी। जहां भी दस्तावेजों, अनुमतियों अथवा निर्धारित नियमों के पालन में गड़बड़ी मिलेगी वहां संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी।
जिला पुलिस एमसीबी ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाये रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये पुलिस और प्रशासन का संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।










































