- बढ़ती ठंड के बीच स्कूलों के समय में बदलाव की मांग, हाफिज मेमन ने प्रशासन का ध्यान कराया आकृष्ट
- बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह की कक्षाओं के समय में परिवर्तन करने की उठाई मांग
मनेन्द्रगढ़। जिले में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव की मांग उठने लगी है। पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए कहा है कि सुबह के समय बढ़ती ठंड का सीधा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य और उनकी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के समय में आवश्यक बदलाव किया जाना चाहिये।
हाफिज मेमन ने कहा कि नवंबर माह के साथ ही मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। विशेषकर सुबह जल्दी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को ठिठुरन और सर्द हवाओं के बीच घर से निकलना पड़ता है। कई बच्चे दूर-दराज के क्षेत्रों से पैदल, साइकिल या अन्य साधनों से विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में सुबह के शुरुआती घंटों में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सर्द मौसम में छोटे बच्चों की दिनचर्या और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। ठंड के कारण बच्चों को सुबह तैयार होने और समय पर स्कूल पहुंचने में भी कठिनाई होती है। वहीं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे में स्कूलों के वर्तमान समय की समीक्षा कर मौसम के अनुरूप नया समय निर्धारित किया जाना चाहिए।
पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों के संचालन समय में आवश्यक परिवर्तन किया जाए। सुबह की कक्षाएं कुछ देर से शुरू करने अथवा स्कूलों के समय में ऐसा समायोजन करने पर विचार किया जाये जिससे विद्यार्थियों को अत्यधिक ठंड में घर से बाहर न निकलना पड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षा भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए समय रहते निर्णय लिया जाना चाहिये ताकि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिल सके।
हाफिज मेमन ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए बच्चों के हित में जल्द उचित निर्णय लेंगे।










































