इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के जंतु विज्ञान विभाग की ओर से पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया गया। यह स्मृति व्याख्यान दूसरी बार आयोजित किया गया। इसमें नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU), शिलांग के प्रो. रमेश शर्मा (FNASc) ने व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में जंतु विज्ञान, बॉटनी और बायोटेक्नोलॉजी विभागों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोधार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रमाणिक ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने व्याख्यान के उद्देश्य और पद्मश्री प्रो. एमएस कानूनगो के शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक योगदान पर प्रकाश डाला। विज्ञान संकाय की डीन प्रो. पूनम शर्मा ने विज्ञान संकाय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अकादमिक डीन प्रो. भूमि नाथ त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के विकास में शिक्षकों, विद्यार्थियों और समर्पित शोधकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य वक्ता प्रो. रमेश शर्मा ने प्रो. एमएस कानूनगो के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए उनके एजिंग (उम्र बढ़ने की प्रक्रिया) और जीन रेगुलेशन संबंधी सिद्धांतों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि सीमित कैलोरी वाला संतुलित आहार और बेहतर जीवनशैली उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने तथा स्वस्थ जीवन जीने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने जापानी लोगों की जीवनशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि अकेलापन भी बढ़ती उम्र और उम्र से जुड़ी बीमारियों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. देश दीपक चौधरी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बॉटनी विभाग से प्रो. नवीन के. शर्मा और डॉ. रविंद्र शुक्ला, जूलॉजी विभाग से डॉ. योगेंद्र के. पयासी और डॉ. पल्लवी शुक्ला, केमिस्ट्री विभाग से डॉ. बिस्वजीत माजी तथा गणित विभाग से डॉ. राघव पोरुहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग के शोधार्थी सीएच. खमहरिंग ने किया।











































