- 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को शैक्षणिक संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर
अनूपपुर 19 नवंबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 18 से 19 आयु वर्ग के युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन में शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बलबीर रमन ने इस संबंध में तुलसी महाविद्यालय, जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारियों को अपने अधीनस्थ शैक्षणिक संस्थानों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को जिले के समस्त हायर सेकेंडरी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं वोटर्स पोर्टल के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित विद्यार्थियों तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।











































