ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार,/ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), धार में आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत ‘उमंग स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम’ का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम म.प्र. वॉलन्ट्री हेल्थ एसोसिएशन (MPVHA) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
शुभारंभ अवसर पर माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई। इस कार्यशाला में धार जिले के डही, निसरपुर, कुक्षी और बाग विकासखंडों से आए शिक्षकगण शामिल हुए, जिन्हें हेल्थ एवं वैलनेस एम्बेसडर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल शिक्षा, स्वच्छता, पोषण, किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और विद्यालय में स्वस्थ वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में जाकर बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा देंगे और आवश्यकता पड़ने पर मार्गदर्शन भी करेंगे।
कार्यशाला में प्रतिभागी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए बेहद उपयोगी है और इससे वे बच्चों के सर्वांगीण विकास में बेहतर योगदान दे सकेंगे।













































