अनूपपुर। जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड अनूपपुर के ग्राम मलगा स्थित बकुल नदी में बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नवांकुर संस्था अभिनव समाज सेवी समिति, नवांकुर विकास प्रस्फुटन समिति पसान, परामर्शदाताओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बोरी बंधान निर्माण कार्य में भाग लिया।
इस अवसर पर जल संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन एवं स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि जनभागीदारी और श्रमदान के माध्यम से जल स्रोतों को सुरक्षित रखकर भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम में शिवानी सिंह, कृष्णा देवी, किरण प्रजापति, आरती प्रजापति, पारस मुखर्जी, दुर्गा देवी, जिज्ञासा मालवीय एवं कृष्णा सिंह सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बोरी बंधान के माध्यम से नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित कर वर्षा जल के संचयन तथा भूजल स्तर में वृद्धि की दिशा में प्रयास किए गए। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस प्रकार के सामुदायिक प्रयास भविष्य में जल संकट से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












































