मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में उमड़ा जनसैलाब, करपा शिविर में पहुंचे 106 आवेदन

---Advertisement---

अनूपपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायत करपा में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 106 समस्यामूलक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनहितकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत करना और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन मामलों के निराकरण में अनूपपुर जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उन्हें शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ भी दिलाई गई। शिविर में पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वसीम अहमद भट्ट, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment