पशुपालकों को समय पर मिले उपचार व दवाएं, कलेक्टर ने दिए निर्देश

पशुपालन विभाग
---Advertisement---

अनूपपुर। जिले के पशुपालकों को बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर रत्नाकर झा एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने राजेन्द्रग्राम स्थित पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं टीकाकरण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने पशु चिकित्सालय में संचालित कृत्रिम गर्भाधान (एआई) सेंटर, सीमन भंडारण एवं वितरण प्रणाली, ओपीडी संचालन तथा पशुओं के उपचार की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान ओपीडी के निर्धारित समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा पशुपालकों को आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के संबंध में भी चर्चा की गई। साथ ही पशुओं के टीकाकरण अभियान की प्रगति और उसकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा पशु चिकित्सालय की सभी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हों। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए पशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment