अनूपपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर रत्नाकर झा एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के बेलडोंगरी में निर्माणाधीन सड़क मार्ग और जोहिला नदी पर बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बेनीबारी मुख्य मार्ग से बेलडोंगरी-चिचरीमट्ठा होते हुए जोहिला नदी पर निर्माणाधीन पुल तथा उफरीखुर्द के रास्ते मेढ़ाखार तक प्रस्तावित 6.20 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के पालन की स्थिति की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्राप्त की।
कलेक्टर ने सड़क एवं पुल निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और निर्माण की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क और पुल निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा दूरस्थ गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से और अधिक सुगम हो सकेगा। कलेक्टर ने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।












































