सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए कलेक्टर: बिना हेलमेट, नशे में ड्राइविंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा अनूपपुर
---Advertisement---

अनूपपुर। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर रत्नाकर झा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

कलेक्टर ने सभी प्रकार के वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि रात्रि के समय दृश्यता बेहतर हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने की व्यवस्था लागू करने को कहा।

बैठक में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 15 दिनों के भीतर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा इन स्थलों पर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और संकेतक बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया।

लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, क्षतिग्रस्त मार्गों के सुधार और स्पीड ब्रेकरों पर उचित संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग प्वाइंट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए सभी थानों में शाम के समय सघन जांच अभियान संचालित करने को कहा। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सिनेमाघरों में हेलमेट और यातायात नियमों पर आधारित लघु फिल्में प्रदर्शित करने तथा स्कूलों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

बैठक में जगन्नाथ मरकाम, प्राशी अग्रवाल, सुरेश सिंह गौतम, अलका तिवारी सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment