- सीएम हेल्पलाइन, CPGRAMS एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों की दी गई विस्तृत जानकारी
अनूपपुर, 12 नवंबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिला स्तरीय सेवोत्तम प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों में पदस्थ एल-1 एवं एल-2 स्तर के अधिकारियों तथा शिकायत निवारण अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, CPGRAMS एवं मध्यप्रदेश लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के अंतर्गत शिकायतों के प्रभावी निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ई-दक्ष केंद्र के वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री आनंद मोहन मिश्रा एवं प्रशिक्षक श्री नितिन कुमार तिवारी द्वारा अधिकारियों को सेवोत्तम प्रणाली के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, सुशासन की अवधारणा एवं लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण के दौरान दर्ज किए जाने वाले जवाबों की गुणवत्ता, स्पष्टता एवं तथ्यात्मक जानकारी के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों द्वारा बताया गया कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिक जवाब दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर उसके निराकरण से संबंधित तथ्यात्मक, सारगर्भित एवं विस्तृत जानकारी पोर्टल पर दर्ज किया जाना आवश्यक है।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा आवेदकों को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर लोक सेवाएं उपलब्ध कराना है।




























