कोयला नगर स्थित नवनिर्मित एवं सौंदर्यीकृत मानसरोवर छठ तालाब के लोकार्पण समारोह का आयोजन

---Advertisement---
  • सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने नवनिर्मित एवं सुविधाजनक परिसर का किया उद्घाटन। निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं दीक्षा महिला मंडल की सदस्याएं रहीं उपस्थित। 

प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, सांस्कृतिक परंपराओं के संवर्धन तथा जनसुविधाओं के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा आज कोयला नगर स्थित नवनिर्मित एवं सौंदर्यीकृत मानसरोवर छठ तालाब के लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने विधिवत रूप से नवनिर्मित परिसर का लोकार्पण किया तथा इसे कोयला नगरवासियों एवं आमजन के उपयोग हेतु समर्पित किया।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना सिंह एवं श्रीमती नीता कुमार, कोयला भवन मुख्यालय के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधकगण/विभागाध्यक्ष, बीसीसीएल सीसीसी, वेलफेयर  एवं सेफ्टी बोर्ड के सदस्य, विभिन्न अन्य श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिला कल्याण समिति की सदस्याएँ, दीक्षा महिला मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याएँ तथा सिविल, प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के औपचारिक स्वागत एवं महाप्रबंधक (असैनिक) श्री संजय कुमार अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इसके उपरांत सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने निदेशकगण श्री संजय कुमार सिंह एवं श्री राजेश कुमार, दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं उपाध्यक्षा तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नवनिर्मित एवं सौंदर्यीकृत मानसरोवर तालाब का विधिवत लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल केवल कोयला उत्पादन एवं राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अपने परिचालन क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मानसरोवर तालाब का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण इसी प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस पहल के माध्यम से न केवल छठ महापर्व के श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, बल्कि क्षेत्र के निवासियों को भी एक स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल प्राप्त होगा। उन्होंने तालाब परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं के समुचित रखरखाव पर भी विशेष बल दिया तथा आशा व्यक्त की कि यह स्थल आने वाले वर्षों में भी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए उपयोगी बना रहेगा।

श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि आस्था, पवित्रता और लोककल्याण की भावना से जुड़ा छठ महापर्व हमें प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है। ऐसे में मानसरोवर तालाब का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण श्रद्धालुओं के लिए एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि तालाब परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने से छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर वातावरण एवं सुविधाएँ प्राप्त होंगी। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में सभी की भागीदारी पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती अर्चना अग्रवाल स्वयं विगत कई वर्षों से महापर्व छठ का अनुष्ठान करती आ रही हैं तथा इस वर्ष भी वे अपने सरकारी आवास पर छठ पूजा का अनुष्ठान संपन्न करेंगी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ दीं तथा सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के समापन पर निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने पूरे मानसरोवर तालाब परिसर का निरीक्षण किया तथा वहाँ उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शेष बचे कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिससे श्रद्धालुओं को छठ पर किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) श्री प्रणव ओझा ने किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 12, 2026

November 12, 2026

November 12, 2026

November 12, 2026

November 12, 2026

November 12, 2026

Leave a Comment