- वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ग्रामीणों से किया संवाद, SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं पर जताई चिंता
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत ग्राम मुसरा में जन चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और कांग्रेस की मांगों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, नामों में बदलाव और व्यक्ति के नाम के स्थान पर गांव अथवा स्थान का नाम दर्ज होने जैसी विसंगतियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद मताधिकार पर टिकी है। प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी लोकतांत्रिक ताकत है। ऐसे में मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत प्रविष्टि गंभीर विषय है। यदि पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट जाता है या उसके विवरण में गलत बदलाव होता है तो वह अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित हो सकता है। इसलिये निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची में शुद्धता बनाये रखना बेहद जरूरी है।
कमरो ने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल मतदान के दिन ही नहीं बल्कि उससे पहले भी अपने मताधिकार के प्रति सजग रहें। अपनी मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य जानकारियों का मिलान करें तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराएं।

जन चौपाल में जिला महामंत्री रफीक मेमन, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण रामनरेश पटेल, मंडल अध्यक्ष आनंद राय, सुनील राय, रामकुमार, बाबूराम, संदीप, उर्मिला सिंह, जयराम, सोनू गुप्ता, रामप्यारे, राजकुमार, सुनील, मो. सिराज, आदित्य राय और अजय कुमार सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।





























